कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष यादव ने पीपलझोपा में कार्यकर्ता सम्मेलन में लगाया आरोप
भगवानपुरा। नईदुनिया प्रतिनिधि नकली मामा शिवराज और नरेंद्र मोदी झूठ बोलकर सत्ता चला रहे हैं। कर्ज माफी व 15 लाख रुपए खाते में देने के नाम पर झूठ फैलाकर दोनों ने सत्ता पाई है।
यह बात कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव ने पीपलझोपा में कार्यकर्ता सम्मेलन में कही। उन्होंने कहा कि अच्छे दिन आएंगे, ऐसा कहने वाली भाजपा के नेताओं और उद्योगपतियों के अच्छे दिन आ गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दिखावे के लिए मुख्यमंत्री से पट्टे बंटवाने के लिए भाजपा के लोग धन मांग रहे हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि केदार डावर ने कहा कि सात हजार वन भूमि के पट्टे का सर्वे हो गया है। लेकिन शिवराज मामा से पट्टे बंटवाने के लिए रोक रखे हैं। उन्होंने कहा कि यह चंदा वसूली करने वालों की सरकार है।
यादव ने बांटे नियुक्ति पत्र
डावर ने कहा कि भगवानपुरा विधानसभा में कांग्रेस के वक्त में ही पुल-पुलियाएं व सड़क बन गई थी। इसलिए ईजीएस शालाएं सबसे ज्यादा खोली गई थीं। युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष राजेश मंडलोई ने कहा कि क्षेत्र में बांध से सिंचाई का पानी देकर किसानों की समृद्घि का काम दिवंगत सुभाष यादव व चिडाभाई डावर ने किया। सेवादल के पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र भी बांटे। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य नहारसिंह वास्कले ने कांग्रेस की सदस्यता ली।
व्यापारी उठा रहे
भावांतर का लाभ
विधायक विजयसिंह सोलंकी ने कहा कि नर्मदाजी के समक्ष कसम लेने वाले शिवराजसिंह नर्मदाजी के नहीं हुए तो जनता के क्या होंगे? उन्होंने कहा कि भावांतर भुगतान योजना का लाभ किसानों को नहीं मिल रहा है, लाभ तो व्यापारी उठा रहे है। उन्होंने कहा कि पीपलझोपा में बैंक खुलना चाहिए।
इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि यशवंत जायसवाल, देवनारायणसिंह, ब्लॉक अध्यक्ष गंगाराम सोलंकी, रमेश मालवीया, शांतिलाल पाटीदार, दीवानसिंह दांगी, कमल वास्कले, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि ध्यानसिंह वास्कले आदि मौजूद थे। जिलाध्यक्ष झूमा सोलंकी, कसरावद विधायक सचिन यादव, गणपत वास्कले, सिलदार पटेल आदि ने भी संबोधित किया। सम्मेलन के बाद यादव काबरी में झगड़िया पटेल के यहां कार्यक्रम में शामिल हुए।

Comments
Post a Comment